ऑटो चालक को बेरहमी से पीटने वाला गुंडा गिरफ्तार, निकाला जुलूस



जबलपुर १६ अक्टूबर। एक छोटी सी बात पर ऑटो चालक को बेरहमी से पीटकर दहशत फैलाने वाले गुंडे अभिषेक उर्फ गुड़ी महाराज को अधारताल पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने लोगों के मन से गुंडे की दहशत कम करने के इरादे से प्रमुख बाजारों से गुंडे का जुलूस निकाला। पुलिस के मुताबिक गुंडा गुड़ी महाराज नेपाल भागने की तैयारी में था।
ऑटो चालक से बर्बरतापूर्वक मारपीट के मुख्य आरोपित अभिषेक दुबे और गुड़ी महाराज को अधारताल पुलिस ने गुरुवार रात को उत्तरप्रदेश के गाजियाबाद से गिरफ्तार कर लिया। गुंडा गुड़ी महाराज एक लाल रंग की स्विफ्ट कार से नेपाल भागने की फिराक में था। पुलिस ने शुक्रवार सुबह कंट्रोल रूम में आयोजित पत्रकारवार्ता में गुंडे अभिषेक को मीडिया के सामने पेश किया, वहीं लोगों के मन से उसका भय निकालने के लिए उसका जुलूस भी निकाला। इस दौरान हथकड़ी पहने हुए गुंडा अभिषेक लंगड़ाकर चल रहा था और ‘अपराध करना पाप है, पुलिस हमारी बाप है’ के नारे लगाता चल रहा था। गौरतलब है कि गुंडे गुड़ी महाराज के दो साथियों अक्षय शिवहरे और मनोज दुबे को पुलिस ने 24 घंटे के अंदर ही गिरफ्तार कर लिया था। इनका एक साथी चंदनसिंह अभी फरार है, जिसकी तलाश की जा रही है। गुंडे अभिषेक पर हत्या, हत्या के प्रयास, अवैध वसूली, आर्म्स एक्ट, अवैध शराब बिक्री, मारपीट आदि के 14 प्रकरण पहले से चल रहे हैं।
[frontpage_news widget="10514" name="Latest News"]

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *