भोपाल
राजेन्द्र सिंह
बीनागंज पुलिस चौकी की हवालात में एक आरोपी ने फाँसी लगा कर जीवन लीला समाप्त कर ली। मृतक के परिजनों ने पुलिस पर हत्या करने का आरोप लगाया है। वरिष्ठ अधिकारियों ने चौकी प्रभारी सहित 3 पुलिसकर्मियों को सस्पेंड कर दिया है। घटना की न्यायिक जांच चांचौड़ा जेएमएफसी द्वारा की जा रही है।
पुलिस के अनुसार मूलतः शुजालपुर निवासी हाल मुकाम ब्यावरा निवासी संतोष पुत्र धनीराम कोली को बीनागंज चौकी पुलिस द्वारा पकड़ा गया था। उसने रात को हवालात में ही फाँसी लगा ली। घटना की सूचना मिलते ही आनन फानन में गुना जिला पुलिस कप्तान राजीव मिश्रा, एडिशनल एसपी टीएस बघेल और एफएसएल टीम तथा पुलिस दल के साथ बीनागंज चौकी आ पहुंचे। घटना स्थल का निरीक्षण करने के बाद अपने सहयोगियों को निर्देश देकर तुरंत वापस चले गए। इसके बाद मृतक के परिजन आये। उनके साथ ब्यावर के पूर्व पार्षद दुर्गा प्रसाद शाक्यवार भी थे। मृतक की पत्नी ने थाना प्रभारी के नाम एक आवेदन दिया जिसमें पुलिस पर ही संतोष की हत्या करने की आशंका व्यक्त की गई है। साथ ही यह भी कहा कि पुलिस संतोष को 9 अप्रैल शनिवार के दिन ब्यावरा बायपास से उठाकर लाई थी। जिसमे से मृतक संतोष के साले को छोड़ दिया गया। परिजनों ने अन्य आरोप भी लगाए।
अतिरिक्त पुलिस अध्यक्ष टीएस बघेल ने बताया कि मृतक को कल ही पकड़ा गया था। उसके खिलाफ स्थाई वारंट था। साथ ही इस घटना की न्यायिक जाँच की जाएगी। जांच के नतीजों के आधार पर ही आगे की करवाई होगी।
सरजी के नाम से था कुख्यात
बताया जाता है कि मृतक सरजी के नाम से कुख्यात था। 2010 के आसपास पुलिस इसके साये का पीछा करती थी लेकिन यह हाथ नहीं आता था। कई जिलों में उसका तगड़ा नेटवर्क था। वह क्या करता था ये किसी को नहीं पता था। बाद में गिरफ्तार होने पर उसे गोपनीय रूप से जेल में रखा गया था। सूत्रों के अनुसार उसने 4 – 5 साल से अपराध जगत से नाता तोड़ सा लिया था।